क्या अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार में राफेल में घोटाला हुआ है? वायरल वीडियो एडिटेड है

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 10 सेकंड की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया में वायरल है। लोग दावा कर रहे हैं कि अमित शाह ने स्‍वीकार किया है कि भाजपा की सरकार में राफेल घोटाला हुआ है। हालाँकि पड़ताल में पता चलता है कि यह वीडियो एडिटेड है।

कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि आज मध्यप्रदेश में श्री अमित शाह जी ने स्वीकार लिया की “राफ़ेल लड़ाकू विमान की ख़रीदी में घोटाला” हुआ👇  अब मोदी सरकार को बताना चाहिए कि उस घोटाले में सरकार में बैठे कौन लोग जुम्मेवार हैं और उसकी तफ़सील क्या है!   सरकारी ख़ज़ाने का पैसा कहाँ गया?  कैसे भ्रष्टाचार हुआ?  मोदी सरकार जब्बाब दे!

सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा कि कितनी भी कोशिश कर लो सच छुपता नहीं है.   जो बात आज अमित शाह ने कह दी, वही तो पूरा देश कह रहा था - राफ़ेल में घोटाला हुआ है.   “राफ़ेल लड़ाकू विमान की ख़रीद में घोटाला किया”: अमित शाह

वामपंथी इतिहास अशोक कुमार पाण्डेय ने लिखा कि अमित शाह तो अभी युवा हैं, उनकी ज़बान भी लड़खड़ाने लगी या फिर किसी ऐसी भाषा में लिखा है कि मधु कौड़ा काण्ड पढ़ने में दिक़्क़त आ रही है।   बाक़ी राफ़ेल विमान में घोटाला की स्वीकृति उनकी महानता बताती है, नमन रहेगा।

कांग्रेस नेता कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने लिखा कि जो बात पूरा देश कह रहा था वह अमित शाह ने भी कह दी। राफ़ेल घोटाला स्वीकार कर लिया। राफ़ेल लड़ाकू विमान की ख़रीद में घोटाला किया : अमित शाह

सदफ आफरीन ने लिखा कि सुने गृह मंत्री अमित शाह जी को, वह अपनी लड़खड़ाती हुई ज़ुबान से क्या कह रहे है!  वे कह रहे है– "राफ़ेल लड़ाकू विमान की ख़रीदी में घोटाला हुआ"  अब देखना ये है कि जिसने यह घोटाला किया है, उस पर सरकार क्या एक्शन लेती है??

क्या है हकीकत? पड़ताल में हमने सम्बन्धित कीवर्ड्स को गूगल पर सर्च किया इंडिया टुडे के यूट्यूब चैनल पर हमें पूरा वीडियो मिला। 20 अगस्‍त को लाइव किए गए इस वीडियो में अमित शाह को तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय हुए घोटाले के बारे में बात कर रहे हैं। वीडियो अमित शाह द्वारा मध्‍य प्रदेश की भाजपा सरकार के रिपोर्ट कार्ड को पेश करने के वक्‍त का है। उस वक्‍त उन्‍होंने एक प्रेस वार्ता को भी संबोधित किया था।

इस वीडियो में अमित शाह को 47:55 मिनट की टाइम लाइन पर यह बोलते हुए सुना जा सकता है, “कांग्रेस ने इतने साल में क्‍या किया। मैं कुछ घोटाले आपको जरूर बताना चाहूंगा। श्रीमान बंटाधार को इसका जवाब देना चाहिए। कमलनाथ को इसका जवाब देना चाहिए। जब-जब आपको शासन मिला घोटाले के अलावा आपने कुछ नहीं किया। आपने बोफोर्स घोटाला किया। टू जी स्पेक्ट्रम का घोटाला किया। सत्‍यम का घोटाला किया। कॉमनवेल्‍थ गेम का घोटाला किया। कोयला का घोटाला किया। चॉपर का घोटाला किया। टाटा ट्रक का घोटाला किया। टाट्रा ट्रक का घोटाला किया। नोट के बदले वोट का घोटाला किया। आदर्श सोसाइटी का घोटाला किया। नेशनल हेराल्‍ड का घोटाला किया। डीएलएफ घोटाला किया। चारा घोटाला किया। खाद्य सुरक्षा बिल का घोटाला किया। गाजियाबाद प्रोविडेंट फंड में घोटाला किया। हवाला कांड किया। आईपीएल का घोटाला किया। एलआईसी हाउसिंग का घोटाला किया। राफेल लड़ाकू…..लड़ाकू विमान में घोटाला किया।”

पड़ताल में हमे बीजेपी नेता अमित मालवीय का एक पोस्ट मिला जिसमे उन्होंने लिखा है कि गृह मंत्री 2007 और 2012 के बीच जब यूपीए सरकार सत्ता थी, भारत को राफेल लड़ाकू विमानों की बिक्री को प्रभावित करने के लिए डसॉल्ट एविएशन से बिचौलिए सुशेन गुप्ता द्वारा प्राप्त 7.5 मिलियन यूरो (लगभग 65 करोड़) के भुगतान का जिक्र कर रहे थे।

इसके बाद हमे हिंदुस्तान पर प्रकाशित एक रिपोर्ट भी मिली जिसके मुताबिक फ्रांसीसी खोजी पत्रिका 'मीडियापार्ट' ने गोपनीय रूप से घूस दिए जाने का नया दावा किया था। मीडियापार्ट की पड़ताल के अनुसार, दसॉल्ट एविएशन ने 2007 और 2012 के बीच मॉरीशस में बिचौलिए को रिश्वत का भुगतान किया। पत्रिका ने दावा किया है कि फ्रांसीसी विमान निर्माता कंपनी दसॉल्ट एविएशन ने भारत से यह सौदा हासिल करने में मदद के लिए बिचौलिये सुशेन गुप्ता को गोपनीय रूप से करीब 7.5 मिलियन यूरो यानी 65 करोड़ रुपए का भुगतान किया और देसाल्ट कंपनी को इस घूस की राशि देने में सक्षम बनाने के लिए कथित रूप से फर्जी बिलों का इस्तेमाल किया गया।

निष्‍कर्ष: पड़ताल से स्पष्ट है कि भोपाल में शिवराज सिंह चौहान की सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करते वक्‍त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस के वक्‍त के घोटालों के बारे में बोला था।

Fact Myths एक स्वतंत्र फैक्ट चेकिंग बेबसाईट है। हम सोशल मीडिया से लेकर मुख्य धारा की मीडिया में चल रही फर्जी खबरों, गलत सूचनाओं, हेट स्पीच और भारत के खिलाफ प्रोपेगेंडा के खिलाफ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस लड़ाई में हमे अपनी टीम का विस्तार करना हैं, इसके लिए हम पूरी तरह अपने पाठकों पर निर्भर हैं। आप हमे यहाँ सहयोग कर सकते हैं। Donate: FactMyths@unionbank   

(अगर आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी आती है, जिसके सच होने पर आपको शक है तो पड़ताल के लिए हमारे व्हाट्सएप नंबर +917895085973 पर भेजें)